विशेष
जानें किस तरह 18 किलो सोना छिपाकर दिल्ली ले जा रहे थे

जानें किस तरह 18 किलो सोना छिपाकर दिल्ली ले जा रहे थे
डायरेक्टर ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआइ) ने म्यांमार से तस्करी कर लाया गया 18.266 किलो सोना बरामद करने में कामयाबी हासिल की है। डीआरआइ ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के 110 बिस्किट बरामद किए हैं। बरामद सोने की सप्लाई दिल्ली में की जानी थी।
डीआरआइ के अधिकारियों के अनुसार इसी गिरोह के पांच सदस्यों को दिल्ली में करीब 37 किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया गया है। उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
डीआरआइ की लखनऊ जोनल यूनिट ने गुरुवार सुबह लखनऊ-फैजाबाद रोड पर घने कोहरे के दौरान इस आपरेशन को अंजाम दिया। चिनहट क्षेत्र में इंदिरा नहर के पास एक बस में सवार तीन युवकों को पकड़ा गया।
तीनों बिहार के अररिया से दिल्ली जा रहे थे। डीआरआइ अधिकारियों के अनुसार तीनों आरोपितों ने अपनी बेल्ट में सोने के बिस्किट छिपाकर रखे थे। आरोपितों के नाम विकास, विनेश व अमोल हैं और तीनों ही महाराष्ट्र के सांगली के निवासी हैं। उनके पास से बरामद सोने के एक बिस्किट का वजन 166 ग्राम है।
आरोपितों ने शुरुआती पूछताछ में बताया है कि सोने की खेप म्यांमार से लाई जाती है। उन्हें गुवाहाटी सीमा पर सोना सौंपा गया था, जिसकी डिलीवरी दिल्ली में एक युवक को करनी थी। डीआरआइ तीनों आरोपितों को कोर्ट में पेश करके उनकी पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि यह तस्करी अंतरराष्ट्रीय गिरोह के जरिए की जा रही थी, जिसके सरगना गुवाहाटी व महाराष्ट्र के हैं। डीआरआइ का शिकंजा जल्द गिरोह के अन्य सदस्यों पर कसेगा।
Source : IBN