उत्तर भारत में अब ठंड का मिजाज पूरी तरह बदलने लगा है। सुबह-शाम गलन बढ़ने के साथ ही कोहरे की चादर भी फैलने लगी है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले दो से तीन दिनों के भीतर उत्तर भारत के सात राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की पूरी संभावना है। तापमान में भी एक से दो डिग्री तक की और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठिठुरन और ज्यादा बढ़ेगी।
इन राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन राज्यों के लिए यह चेतावनी जारी की है, उनमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ शामिल हैं। खासकर सुबह और देर रात के समय सड़कों पर विजिबिलिटी यानी दृश्यता काफी कम रहने की उम्मीद है, जिससे सफर करने वाले वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हवाई, रेल और सड़क यातायात पर भी इसका सीधा असर पड़ सकता है।
यूपी और पहाड़ी इलाकों का हाल
मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर और आजमगढ़ में सुबह और देर रात के वक्त घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भी लगातार ठंड बढ़ रही है। श्रीनगर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है, जहां पारा शून्य से नीचे लुढ़क गया है। उधर, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अभी भी बारिश के आसार बने हुए हैं, लेकिन उत्तर भारत में अब पूरी तरह ठंड का दौर शुरू हो चुका है।




