पानीपत जिले के इसराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने तीन दिन पहले सामने आए सनसनीखेज राजपाल हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। शादी समारोह में खाना बनाते वक्त बीड़ी पीने की एक मामूली सी बात पर उपजे विवाद ने खूनी रूप ले लिया और साथी कारीगर ने ही हलवाई की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
सोनीपत में हुई थी कहासुनी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गांव बिजावा निवासी राजपाल हलवाई का काम करता था और उसके साथ ही गांव का रहने वाला दीपक बतौर दिहाड़ी कारीगर जुड़ा हुआ था। कुछ दिन पहले दोनों सोनीपत जिले के गांव नैय्यत में एक शादी समारोह के दौरान खाना बनाने के लिए गए थे। खाना पकाने के वक्त जब दीपक ने बीड़ी जलाई तो राजपाल ने उसे टोकते हुए डांट लगा दी। बस यही बात आरोपी के दिल पर लग गई और वह अंदर ही अंदर रंजिश पाल बैठा।
लूटपाट के इरादे से दिया वारदात को अंजाम
समारोह का काम निबटाने के बाद राजपाल अपना 12 हजार रुपये मेहनताना लेकर दीपक के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में बुआना लाखू गांव के खेतों के पास पहुंचते ही दीपक ने ठंड में हाथ सेंकने का बहाना बनाकर बाइक रुकवा ली। जैसे ही दोनों रुके, पुरानी बात को लेकर उनके बीच फिर से बहस छिड़ गई। गुस्से में अंधा हो चुके दीपक ने अचानक चाकू निकालकर राजपाल पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन, नकदी और बाइक लेकर फरार हो गया था।
पुलिस ने तीन दिन में दबोचा
परिजनों की शिकायत पर इसराना थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने जांच की सुई घुमाई। थाना प्रभारी हरिराम के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए महज तीसरे दिन आरोपी दीपक को शाहपुर के पास से धर दबोचा। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, लूटी गई बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद की जा सके।




