पानीपत में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के बाबुओं और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में एक ऐसा मामला सामने आया जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। प्राधिकरण के जिम्मेदारों ने कागजों में दुकानें बेच दीं, जबकि धरातल पर उनका कोई अता-पता ही नहीं था। पिछले करीब दो साल से आमजन अपने हक के लिए दफ्तरां के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन सुनवाई कहीं नहीं हो रही थी।
क्योस्क के नाम पर वसूले लाखों, मौके पर मिला खाली मैदान
सेक्टर-25 हुड्डा निवासी शिकायतकर्ता रविंद्र सिंह अपने साथ चार अन्य आवंटियों को लेकर जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे। उन्होंने मंत्री को आपबीती सुनाते हुए बताया कि उन पांचों ने वर्ष 2024 में एचएसवीपी की नीलामी में एक-एक क्योस्क खरीदा था। इसके एवज में हर आवंटी ने 35 से 40 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम भी जमा करवाई। विभाग के अधिकारियों ने आनन-फानन में अलॉटमेंट लेटर थमाने के साथ नक्शा पास कराने और रजिस्ट्री तक की प्रक्रिया पूरी कर दी। हैरानी की बात यह है कि कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद भी मौके पर एक भी दुकान मौजूद नहीं है। पीड़ित पिछले दो साल से अधिकारियों के चक्कर काट रहे थे, मगर हर बार उन्हें कोरे आश्वासन ही मिले।
मंत्री रणबीर गंगवा के कड़े तेवर, जेई-एसडीओ पर गिरेगी गाज
बैठक के दौरान जब मंत्री रणबीर गंगवा ने इस गड़बड़ी पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया, तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए और इसे मुख्यालय स्तर की गलती बताने लगे। फरियादियों ने यह भी शिकायत की कि अधिकारी उन्हें बैठक में बुला तो लेते हैं, लेकिन उनका रवैया बेहद गैर-जिम्मेदाराना रहता है। उन्होंने मांग की कि ऐसे अमले की एथिकल ट्रेनिंग होनी चाहिए ताकि वे आम जनता से ढंग से पेश आएं। इस पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई और मौके पर ही संबंधित जेई और एसडीओ को चार्जशीट करने की अनुशंसा कर दी। वहीं, संपदा अधिकारी (ईओ) ने बताया कि दोषी अधिकारियों को पहले ही शो-कॉज नोटिस जारी किया जा चुका है।
| शिकायतकर्ता / आवंटी | समस्या का विवरण | प्रशासनिक कार्रवाई |
|---|---|---|
| रविंद्र सिंह व अन्य चार आवंटी | 35-40 लाख देने के बावजूद धरातल पर नहीं मिली दुकानें (सेक्टर-25) | संबंधित जेई और एसडीओ को चार्जशीट करने की सिफारिश |
| विनोद टंडन (TDI) | 400 करोड़ का डेवलपमेंट टैक्स बकाया, 8 साल से लाइसेंस एक्सपायर | मंत्री ने जांच के आदेश दिए, अगली बैठक में रिपोर्ट तलब |
टीडीआई बिल्डर की मनमानी पर भी गरमाई सियासत
बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से सात का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। टीडीआई में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और बिल्डर की अनियमितताओं को लेकर पहुंचे फरियादी विनोद टंडन ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिल्डर ने महंगे दामों पर प्लॉट तो बेच दिए, लेकिन बुनियादी सुविधाएं पानीपत लाइव नहीं मिल पाईं। टीडीआई पर करीब 400 करोड़ रुपये का डेवलपमेंट टैक्स बकाया है और पिछले 8 साल से सभी लाइसेंस एक्सपायर हो चुके हैं। इसके अलावा क्लब के नाम पर लोगों से 75-75 हजार रुपये वसूले जाने के बावजूद उसका इस्तेमाल अन्य कार्यों के लिए किया जा रहा है। मंत्री ने इस पूरे मामले की कड़े शब्दों में जांच के आदेश देते हुए कहा कि अगली बैठक में इसकी रिपोर्ट पेश की जाए और डिफॉल्टरों पर सख्त कार्रवाई होगी।




