पानीपत, पानीपत लाइव ब्यूरो: पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र के गांव पूठर में छह साल पहले शराब ठेके के सेल्समैन की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए टीम ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों आरोपियों पर पुलिस ने 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
2020 में हुई थी वारदात
डीएसपी विकास चहल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2020 में गांव पूठर स्थित शराब के ठेके पर तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोला था। इस दौरान बदमाशों ने ठेके के सेल्समैन को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। यह मामला ब्लाइंड मर्डर होने के कारण पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचना एक बड़ी चुनौती बना हुआ था।
छह साल की कड़ी मशक्कत के बाद मिली सफलता
डीएसपी चहल ने बताया कि सीआईए टीम पिछले छह साल से इस मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी थी। आरोपियों की तलाश में पानीपत से दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक लगातार छापेमारी की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और कई संदिग्धों से गहन पूछताछ की गई। लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आखिरकार दोनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनीपत के गांव गंगाना निवासी दीपक और झज्जर के गांव धनाना निवासी हरकेश के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और पैसों के लालच में शराब ठेके पर लूट करने पहुंचे थे। इस वारदात में उनका तीसरा साथी रोहित भी शामिल था, जो फिलहाल सोनीपत जेल में बंद है। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ में शामिल करेगी।
आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं आरोपी
डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दीपक और हरकेश आपराधिक गतिविधियों में पहले से ही संलिप्त रहे हैं। दीपक के खिलाफ सात और हरकेश के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर वारदातें शामिल हैं। दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब दोनों आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर वारदात में इस्तेमाल की गई गन और बाइक बरामद करने के साथ-साथ अन्य पहलुओं पर भी गहनता से पूछताछ करेगी।




