पानीपत के हाली अपना स्कूल में शनिवार को समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि को पूरी श्रद्धा और प्रेरणा के साथ मनाया गया। इस विशेष आयोजन में बच्चों के बीच पहुंचकर अतिथियों ने उन्हें नए जूते भेंट किए, जिससे नौनिहालों के चेहरे खिल उठे और चारों तरफ खुशी का माहौल बन गया।
महात्मा फुले के जीवन संघर्षों से बच्चों को कराया रूबरू
कार्यक्रम की शुरुआत में आए हुए मेहमानों और स्कूल के स्टाफ सदस्यों ने महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद अतिथियों ने बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए महात्मा फुले के महान जीवन संघर्षों और समाज सुधार की दिशा में किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्र-छात्राओं को तालीम हासिल करने, आर्थिक रूप से जागरूक बनने और समाज में हर स्तर पर समानता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इन वक्ताओं ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की छात्राओं न्यायिका, लक्ष्मी, रीत, शगुन और नेहा ने भी महात्मा फुले के योगदान पर अपने विचार रखे। इसके अलावा सुषमा गुप्ता, शिक्षाविद मधु यादव, सोनिया गर्ग और सुजाता चौधरी ने समाज में शिक्षा की अलख जगाने और समानता के प्रसार को अनिवार्य बताया। अंत में स्कूल की प्रधानाचार्या पूजा सैनी ने तमाम अतिथियों का धन्यवाद करते हुए बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।




