आपणे पानीपत शहर में ठगी के नए-नए और हैरान करने वाले तरीके सामने आ रहे हैं। ताजा मामला सेक्टर-11 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है, जहां कपड़े बेचने आए फेरीवालों ने एक गृहणी महिला को अपनी बातों के जाल में ऐसा उलझाया कि वे घर में रखे 20 हजार रुपये ले उड़े। परिवार का साफ कहना है कि फेरीवालों ने महिला को सम्मोहित (सम्मोहन) कर इस वारदात को अंजाम दिया है, हालांकि गनीमत ये रही कि इस दौरान किसी को चोट नहीं आई, लेकिन आर्थिक चपत जरूर लग गई।
घर के बाहर बैठी थीं महिला, ऐसे दिया वारदात को अंजाम
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की है। सेक्टर-11 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी गौरव की माता वर्षा घर के बाहर आराम से बैठी हुई थीं। उसी दौरान दो फेरीवाले गठरी में चादर और कपड़े बेचने के बहाने वहां पहुंचे। उन्होंने बातचीत के दौरान महिला को ऐसा उलझाया कि वे सुधबुध खो बैठीं। गौरव के अनुसार, उसकी माता अंदर गईं और घर में रखे 20 हजार रुपये लाकर फेरीवालों को थमा दिए। इसके बाद दोनों शातिर वहां से नौ दो ग्यारह हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध, पुलिस शिकायत का इंतजार
जब परिवार को इस ठगी का पता चला तो उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक फेरीवाला साफ-साफ कैद हुआ है, हालांकि मौके पर दो लोग आए थे। पीड़ित परिवार का केटरिंग का काम है और इस तरह दिनदहाड़े हुई ठगी से वे खासे परेशान हैं। हैरानी की बात ये है कि इस मामले में अभी तक पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही शिकायत मिलेगी, उसके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में इस तरह की वारदातों को देखते हुए आमजन को भी अब ऐसे अनजान लोगों से पूरी सतर्कता बरतने की जरूरत है।




