आपणे पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मासूम बच्चे की जान बचाने की कोशिश कर रहे एक युवक पर दबंगों ने बेरहमी से गंडासी से हमला बोल दिया। इस खौफनाक वारदात में युवक की गर्दन पर वार किया गया, जिससे उसका एक दांत टूट गया और हाथ की उंगली भी कटकर अलग हो गई। दिनदहाड़े हुई इस हिंसा से इलाके के लोगों में भी रोष और दहशत का माहौल है।
बच्चे को पीट रहे थे आरोपी, बीच-बचाव करने पहुंचा था पीड़ित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक आदिल विद्यानंद कॉलोनी का ही रहने वाला है और इलाके में बांस की लकड़ियों का काम करके अपना गुजर-बसर करता है। घटना के वक्त आदिल अपने एक साथी के साथ कुंडू स्कूल के पास खेतों के रास्ते से गुजर रहा था। उसी दौरान उसने देखा कि कुछ युवक एक छोटे से बच्चे को बेरहमी से पीट रहे थे। एक जिम्मेदार नागरिक की तरह आदिल से यह जुल्म देखा नहीं गया और वह बच्चे को बचाने के लिए तुरंत बीच-बचाव करने पहुंच गया।
उल्टी गंडासी से किया जानलेवा वार
आदिल के हस्तक्षेप करने से आरोपी भड़क उठे। आरोप है कि गुस्साए युवकों ने आव देखा न ताव और आदिल पर ही गंडासी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने गंडासी को उल्टा करके आदिल की गर्दन पर जोरदार वार किया। इस हमले में आदिल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका एक दांत टूट गया और बचाव करते समय हाथ की एक उंगली भी कट गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमलावरों से कोई पुरानी रंजिश नहीं
घटना के बाद मीडिया से बातचीत में पीड़ित आदिल ने साफ किया कि वह उन हमलावरों में से किसी को भी नहीं जानता है और न ही उनकी उन युवकों से कभी कोई पुरानी रंजिश रही है। अचानक हुई इस घटना से वह खुद हैरान है। आदिल ने फिलहाल अपनी सूझबूझ दिखाते हुए पहले अपना इलाज करवाना जरूरी समझा। उसने अस्पताल पहुंचकर अपना मेडिकल करवाया और एमएलआर कटवा ली है। पीड़ित का कहना है कि स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद वह इस मामले में पुलिस को आधिकारिक शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।




