पानीपत के समालखा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक चुलकाना गांव में इन दिनों दो बड़ी समस्याओं ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। एक तरफ जहां गांव की गलियों और छतों पर घूमते बंदरों के झुंड ने आतंक मचा रखा है, वहीं नजदीक ही संचालित हो रही शराब फैक्टरी के प्रदूषण से लोगों का स्वास्थ्य दांव पर लगा हुआ है। इन दोनों गंभीर विषयों पर चर्चा करने के लिए रविवार को दाला पाना की चौपाल में एक अहम ग्रामीण पंचायत बुलाई गई, जिसमें प्रशासन के खिलाफ खुलकर नाराजगी जताई गई।
छोटे बच्चों और महिलाओं का घरों से निकलना हुआ मुश्किल
पंचायत में मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बंदरों का खौफ इस कदर बढ़ चुका है कि अभिभावक अपने छोटे बच्चों को घरों से बाहर अकेला भेजने में डरते हैं। बंदरों के झुंड आए दिन छतों और गलियों में उत्पात मचाते रहते हैं। कपड़े सुखाने या खाने-पीने का सामान रखने पर ये जानवर तुरंत हमला करने के लिए दौड़ते हैं। हालात ये हो गए हैं कि कई परिवारों को दिन के समय भी अपने घरों के दरवाजे बंद रखने पड़ रहे हैं। कई बार प्रशासनिक स्तर पर गुहार लगाने के बाद भी धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
फैक्टरी के प्रदूषण और दूषित पानी पर जताई गहरी चिंता
बंदरों के साथ-साथ फैक्टरी के प्रदूषण ने भी ग्रामीणों की नींद उड़ा रखी है। ग्रामीणों का आरोप है कि नजदीक स्थित शराब फैक्टरी से निकलने वाली राख हवा के जरिए पूरे गांव में फैल रही है, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को आंखों में जलन व सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा फैक्टरी के कारण भूजल के दूषित होने और गांव में काला पीलिया जैसी गंभीर बीमारियां फैलने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।
एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर स्थायी समाधान की मांग
पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ग्रामीण जल्द ही प्रशासनिक अधिकारियों से मिलेंगे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपेंगे। ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में बंदरों को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द एक विशेष अभियान चलाया जाए। इसके साथ ही, पेयजल की गुणवत्ता और फैक्टरी से फैल रहे प्रदूषण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन को इन विकट समस्याओं से स्थाई राहत मिल सके।




