पानीपत
कोहरे का सितम जारी; ठिठुरा रहीं बफीर्ली हवा, रविवार तक राहत की उम्मीद नहीं

कोहरे का सितम जारी; ठिठुरा रहीं बफीर्ली हवा, रविवार तक राहत की उम्मीद नहीं
पानीपत में गुरुवार के बाद शुक्रवार सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। 5 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही बफीर्ली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई। मौसम वैज्ञानिकों ने रविवार तक सुबह और शाम घना कोहरा छाने और दिनभर बादल छाए रहने के आसार बताए हैं। शुक्रवार को 11 बजे तक अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
गुरुवार को सुबह घना कोहरा छाने के बाद दिनभर हल्की धुंध रही। शुक्रवार को शुरुआत भी घने कोहरे के साथ हुई। विजिबिलिटी 10 मीटर रही। जिससे हाईवे पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार दिन और रात के तापमान में कमी के कारण बुधवार से अरब सागर से नमी आना शुरू हो गया था। इसलिए बुधवार रात से ही घने कोहरे के आसार बन गए। शुक्रवार को भी घना कोहरा छाया। अगले दो दिन इसी तरह का मौसम रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर DP दुबे ने बताया कि राजस्थान पर साइक्लोन बना हुआ है। इस कारण दक्षिणी हवाएं उत्तरी हवाओं में मिल सकती हैं। हल्के बादल छाने के साथ रात के तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है।
लगातार सिंचाई से बचाएं फसल
DDA वीरेंद्र आर्य ने बताया कि वर्तमान का मौसम गेहूं की फसल के लिए लाभदायक है। सरसों की फसल को नुकसान हो सकता है। पाला जमने पर सब्जी की फसल खराब होने की आशंका है। फसलों को पाले से बचाने के लिए नियमित रूप से सिंचाई करते रहें।
Source : Bhaskar