City
इस नए सिक्स-लेन हाईवे से जुड़ेंगे हरियाणा और यूपी, 110 किमी लंबा एक्सप्रेसवे
Ambala-Shamli Expressway: भारतमाला परियोजना के तहत अंबाला से शामली के बीच बनने वाला सिक्स लेन एक्सप्रेस वे बनने का रास्ता साफ हो गया है। इसकी डीटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। यह एक्सप्रेस वे यमुनानगर के 11 गांवों से होकर गुजरेगा। इसके लिए गजट नोटिफिकेशन जारी हाे चुका है। जिन गांवों से यह एक्सप्रेस वे निकलेगा। उन गांवों में जमीनों का रिकार्ड राजस्व विभाग जुटा रहा है। जिसके बाद अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। राजस्व विभाग जमीन का अधिग्रहण करने के बाद नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया को हैंडओवर कर देगा।
इन्हें होगा फायदा
करीब 110 किलोमीटर लंबा ये एक्सप्रेस वे हरियाणा व उत्तर प्रदेश को जोड़ेगा। इससे पंजाब व चंडीगढ़ से उत्तर प्रदेश जाने वाले लोगों को भी काफी लाभ होगा। वहीं उत्तर प्रदेश से पंजाब या चंडीगढ़ जाने वाले लोगों को भी फायदा होगा। इस एक्सप्रेस वे के बनने के बाद हरियाणा, पंजाब व उत्तर प्रदेश के बीच व्यापार बढ़ेगा।
फोरलेन से जुड़ेगा एक्सप्रेस वे
एक्सप्रेस वे अंबाला से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के शामली में थानाभवन में दिल्ली सहारनपुर फोरलेन को जोड़ते हुए दिल्ली देहरादून इकानोमिक कोरिडोर से जुड़ेगा। यह यमुनानगर व उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के गांवों से होकर निकलेगा। सहारनपुर के भी 18 गांवों से होकर यह एक्सप्रेस वे गुजरेगा। इसके लिए उन गांवों से जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
यह पूरी तरह से ग्रीन फील्ड कोरिडोर होगा। इससे सबसे अधिक फायदा पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोगों को होगा। साथ ही हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ से पश्चिमी उत्तर प्रदेश जाने वाले लोगों को लाभ मिलेगा। अभी तक अंबाला के लोगों को शामली जाने के लिए करनाल से घूमकर जाना पड़ता है। जिसमें करीब तीन घंटे लगते हैं। जब यह एक्सप्रेस वे बन जाएगा, तो यह दूरी करीब डेढ़ घंटे में तय होगी।
यमुनानगर के इन गांवों से निकलेगा
यह एक्सप्रेस वे यमुनानगर के 11 गांवों से निकलेगा। अधिकतर गांव रादौर क्षेत्र से हैं। इनमें बापा, बापौली, बुबका, धानूपुरा, धौलरा, घिलौर, खुर्दबन, पोटली, रादौर, ठसका खादर व सिलिखुर्द गांवों से करीब 250 हेक्टेअसर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।