पानीपत
नहीं लग पाएंगी नई स्ट्रीट लाइटें, दिवाली पर अंधेरे में रहेंगे शहर के इलाके

नहीं लग पाएंगी नई स्ट्रीट लाइटें, दिवाली पर अंधेरे में रहेंगे शहर के इलाके
शहर की दीपावली अंधेरे में मनेगी। एक साल से नगर निगम शहर में 9800 एलईडी स्ट्रीट लगाने की जो प्लानिंग कर रहा है, वह दीपावली तक पूरी नहीं होगी। स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता जांचने के लिए निगम ने एक कमेटी बनाई है, जो मुंबई स्थित कंपनी की लैब में क्वालिटी की जांच देखेगी। फिर, यहां निगम में उसकी रिपोर्ट करेगी। तब जाकर निगम स्ट्रीट लाइट खरीदने की एजेंसी को अनुमति देगा।
निगम ने जय ज्योति इलेक्ट्रिकल्स एजेंसी से क्रॉम्पटन एलईडी स्ट्रीट लाइट खरीदने को करार किया था। करीब 2.25 करोड़ में 9800 एलईडी स्ट्रीट लाइटें खरीदी जानी है। जो अलग-अलग वाट की हैं।
दीपावली से पहले लाइट लगना मुश्किल, क्योंकि स्ट्रीट लाइट की पाइप और क्लंप का टेंडर भी अब तक जारी नहीं हुआ :
दीपावली से पहले स्ट्रीट लाइट लगना मुश्किल है, क्योंकि अब तक पाइप और क्लंप के लिए कोई टेंडर नहीं हुआ है। अगर टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई तो इसमें और लंबा वक्त लगेगा। अगर नगर निगम विभागीय काम के तहत पाइप और क्लंप खरीदे तो इसमें तेजी आ सकती है ।
दो पार्षद और जेई पांच नवंबर को जाएंगे मुंबई
निगम की ओर से तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें वार्ड-25 से पार्षद दुष्यंत भट्ट व वार्ड-10 से रविंद्र भाटिया हैं। निगम की ओर से जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल गौरव कुमार को शामिल किया है। तीन सदस्यीय टीम 5 नवंबर को मुंबई जाएगी।
क्रॉम्पटन कंपनी की मुंबई स्थित लैब में लाइट की क्वालिटी देखेगी। उसकी रिपोर्ट यहां नगर निगम में कमेटी जमा करेगी। उसके बाद लाइट खरीदने की अनुमति दी जाएगी।
Source : Bhaskar