City
पानीपत – बढ़ रहा खतरा, वैक्सीन में पीछे और नए केस में आगे

न्यू सुखदेव नगर की 37 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। महिला 26 दिसंबर की रात इंग्लैंड से लौटी थी। दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच में पॉजिटिव आने के बाद महिला को दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में एडमिट कराया था। 27 दिसंबर की रात महिला अस्पताल में रहीं। नोडल अधिकारी डॉ. सुनील संदुजा ने कहा कि महिला को 28 दिसंबर को पानीपत में न्यू सुखदेव नगर में होम आइसोलेशन में रखा है। लगातार 7 दिनों से पानीपत में कोरोना के मरीज आ रहे हैं। अब जिले में 12 एक्टिव केस हो गए हैं। बुधवार को 1568 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल भी लिए गए।
इधर, ओमिक्रॉन पॉजिटिव आ चुके पिता-पुत्री बुधवार को पूरी तरह से रिकवर हो गए। दोनों का होम आइसोलेशन खत्म हो गया। इंग्लैंड से लौटी मॉडल टाउन की 19 साल की युवती और उसके पिता कोरोना पॉजिटिव आए थे। 16 दिसंबर की जांच में रिपोर्ट ओमिक्रॉन पॉजिटिव आई थी, लेकिन 19 दिसंबर को काेरोना की रिपोर्ट निगेटिव आने पर दाेनों को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया था।
पहली डोज पूरी करने में पानीपत मात्र 2% पीछे, 7241 ने पहली बार लगाई वैक्सीन
पानीपत | बुधवार को 7241 लोगों ने वैक्सीन की पहली डाेज ली। अब 2 फीसदी जिलावासी ही वैक्सीन लगाने से पीछे रह गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि 1 जनवरी तक पूरा पानीपत कवर हो जाएगा। बुधवार को भी वैक्सीनेशन का मेगा कैंप चला। 108 सेंटरों पर 21,542 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जिसमें 7,241 ने पहली और 14,301 ने दूसरी डोज लगवाई।
अब 19,079 लोग ही ऐसे रह गए हैं, जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई है। 1 जनवरी तक पूरा जिला कवर होने के बाद 3 जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगा। 1 जनवरी से वैक्सीन नहीं लगवाने वालों को सरकार ने सख्ती करने का नियम लागू किया है।