पानीपत
फंदे पर लटकी मिली महिला, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

फंदे पर लटकी मिली महिला, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
आजाद नगर में शुक्रवार को विवाहिता रजनी (40)की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में पंखे के कुंडे पर रस्सी से लटका मिला। मायके वालों का आरोप है कि पैसे की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलीभगत कर रजनी की हत्या कर दी। शव के अंतिम संस्कार तक की तैयारी कर ली थी। उन्होंने मौके पर पहुंच संस्कार रुकवा पुलिस को अवगत कराया। वहीं पुलिस ने शव को पानीपत के सामान्य अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा जांच शुरू कर दी है। मायके वालों ने घर पर हंगामा भी किया।

करनाल के श्याम नगर निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस शिकायत में बताया कि हम दो भाई और एक बहन हैं। सभी शादीशुदा हैं। बहन रजनी की शादी करीब 17 साल पहले सुरजीत निवासी आजाद नगर के साथ हुई थी। रजनी की दो लड़की व एक लड़का है। 25 दिसंबर को सुबह करीब नौ बजे उसके पिता के पास फोन आया की रजनी को हार्ट अटैक आया है। वह बहन के घर आएं। उन्होंने देखा की नीचे वाले कमरे में बेड पर रजनी मृत अवस्था में पड़ी थी। उन्होंने उसके मुंह के ऊपर से कपड़ा उठाकर देखा तो उसके गले पर निशान थे। देखने से यह प्रतीप हुआ कि रजनी को उसके ससुराल वालों ने मिलकर मारा है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
डेढ़ माह पहले दिए थे दो लाख रुपये
प्रदीप ने बताया कि सुरजीत बैंक लोन का काम करता है। काफी देनदारी होने पर वो उसकी बहन को मायके से पैसे लाने के लिए तंग करता था। करीब डेढ़ माह पहले भी सुरजीत दो लाख रुपये लेने के लिए करनाल आया था। मेरे पिता दया सिंह ने उसे दो लाख रुपये दिए थे। उसके बाद भी काफी समय से वो रजनी को मायके से और पैसे लाने के लिए तंग कर रहा था। प्रदीप का आरोप है कि रजनी के ससुराल वालों ने मिलीभगत करके या तो उसे मार दिया है या उसे मरने के लिए मजबूर किया।
बेटे ने देखा फंदे पर लटका
रजनी के बेटे आदित्य ने बताया कि शुक्रवार को पिता उसकी बहन अंजली को मॉडल टाउन स्थित स्कूल छोड़ने के लिए गए थे। वह अपने कमरे में ऑनलाइन क्लास अटेंड कर रहा था। उसके पिता कुछ देर बाद घर आए तो उन्हें उसकी मां रजनी नहीं मिली। बाइक पर उसे बाहर तलाश करने चले गए। वह मां को तलाशते ऊपर पहुंचा। कमरे का दरवाजा बंद था। उसने दरवाजे को धक्का मारकर खोला तो मां रजनी फंदे से लटकी हुई थी। उसने कैंची से रस्सी को काटा और अपने पिता को फोन कर बताया। माडल टाउन थाना प्रभारी ने बताया कि पति सुरजीत कुमार व ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Source : jagran