City
हरियाणा में 15 नवंबर को पेट्रोल पंपों की हड़ताल
राजस्थान से लगते इलाकों में सस्ते बॉयो डीजल की अवैध बिक्री से नाराज हैं संचालक
हरियाणा में 15 नवंबर को पेट्रोल पंप हड़ताल पर रहेंगे। वजह- राजस्थान से लगते इलाकों में बायो डीजल या बेस ऑयल के नाम पर बिकने वाले तेल से पेट्रोल पंप संचालकों को हो रहा आर्थिक नुकसान है। यह बायो डीजल-बेस ऑयल डीजल से प्रति लीटर करीब 30 से 40 रुपए कम में उपलब्ध कराया जा रहा है।
राजस्थान बॉर्डर से लगते गांवों में यह बेचा जा रहा है। आदमपुर क्षेत्र में कुछ लोगों ने गोदाम तक बना लिए हैं, जहां से इसे गांवों में सप्लाई किया जा रहा है। इसके विरोध में ही पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने बायो डीजल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने बताया कि गैर कानूनी तरीके से बायो डीजल-बेस ऑयल बेचा जा रहा है, जिससे वाहनों के इंजन खराब होने की आशंका है। इससे प्रदूषण का लेवल भी बढ़ता है। इसकी बिक्री के बारे में सरकार अपनी नीति स्पष्ट करे। इस पर रोक नहीं लगाई तो हम 15 नवंबर से हड़ताल पर जाएंगे।
एसोसिएशन के अनुसार, यह बायो डीजल गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से मंगवाया जाता है। वहां से हिसार, आसपास के जिलों के अलावा राजस्थान भी भेजा रहा है। हिसार में बेस ऑयल व व्हाइट आयल मिलाकर नकली डीजल बनाकर उसको असली डीजल के नाम से उद्योगों व वाहनों के लिए धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। यह तेल असली डीजल के रेट से लगभग 30 से 40 रुपए प्रति लीटर तक सस्ता होता है। सस्ते के चक्कर में लोग फंसते जा रहे हैं।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि बायो डीजल बेचना कानूनन है या नहीं, इस बारे में तेल कंपनी के अधिकारी ही अधिक जानकारी दे सकते हैं। हमारा काम पेट्रोल पंपों की जांच करना है। यदि कोई बायो डीजल की अवैध बिक्री के बारे में सूचना देगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तेल कंपनी के अधिकारी ही जानकारी दे पाएंगे कि किस एक्ट में कार्रवाई होगी।