पानीपत
बुजुर्ग का अपहरण कर बनाया अश्लील वीडियो, दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी दे वसूले 2 लाख

बुजुर्ग का अपहरण कर बनाया अश्लील वीडियो, दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी दे वसूले 2 लाख
शहर के सेक्टर-6 निवासी एक बुजुर्ग का 5-6 लोगों ने पहले शहर के बतख चौक से अपहरण किया और फिर उसे मकान में ले गए। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाकर मारपीट कर जालसाजी से अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद बुजुर्ग को महिला से दुष्कर्म करने के झूठे केस में फंसाने व वीडियो वायरल करने की धमकी दे उससे 20 लाख रुपए मांगे गए। इस दौरान 2 लाख रुपए बुजुर्ग से वसूल भी लिए। पुलिस ने 5-6 लोगों को के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर एक महिला और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
शहर के सेक्टर-6 निवासी 59 वर्षीय कर्मबीर ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बच्चे विदेश में पढ़ाई करने के लिए गए हुए हैं और वह मकान में अकेला ही रहता है। 13 अक्टूबर शाम करीब 7 बजे वह अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए बतख चौक स्थित पेट्राेल पंप पर गया हुआ था। इस दौरान रोहतक जिले की आवली गुमाना निवासी महिला मौसम, अलेवा गांव का रवींद्र, बिंद्र उर्फ फौजी व 2-3 अन्य लोग वहां पर आए।
उन्होंने आते ही उसकी बाइक और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद वह कार में उसका अपहरण कर सेक्टर-6 स्थित उसके मकान में ले गए। जहां पर उसके कपड़े उतरवा लिए और उसको लाठी-डंडों से खूब पीटा। फिर 2 महिलाएं उसके ऊपर लेट गईं और जबरदस्ती उसकी अश्लील वीडियो बना ली।
इसके बाद उसने उन लोगों को एक लाख 65 हजार रुपए दिए हैं, जो बैंक की सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है। 35 हजार रुपए अपने रिश्तेदार से लेकर दिए हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि पुलिस ने 2 आरोपियों अलेवा निवासी रवींद्र उर्फ फौजी व पिल्लूखेड़ा निवासी कविता को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 62 हजार बरामद कर लिए हैं। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।