पानीपत
चार में साल में पहली बार फरवरी में 31 डिग्री पहुंचा तापमान, कल से मौसम में हो सकता है बदलाव

चार में साल में पहली बार फरवरी में 31 डिग्री पहुंचा तापमान, कल से मौसम में हो सकता है बदलाव
पानीपत में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी जारी है। फरवरी में अधिकतम तापमान ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले 2017 में फरवरी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिकों ने फरवरी में बढ़ रहे तापमान के लिए राजस्थान पर बन रहे चक्रवात और गुजरात की तरफ से आ रही हवाओं को कारण बताया है। शनिवार सुबह 10 बजे तक अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
तेज धूप गर्मी का अहसास करा रही है
पानीपत में लगातार खिल रही तेज धूप गर्मी का अहसास करा रही है। जिस कारण लोग गर्म कपड़े पैक करने लगे हैं। शुक्रवार को भी सुबह से ही तेज धूप देखने को मिली। दोपहर होते-होते गर्मी और बढ़ने लगती है। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार को बादल छाने के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. DP दुबे ने बताया कि राजस्थान के ऊपर हवाओं के चक्रवात बनने और गुजरात से हवाओं के आने के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि शनिवार से पश्चिमी विक्षोभ के असर और विंड पैटर्न बदलने के कारण अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। जबकि न्यूनतम तापमान के स्थिर बने रहने के आसार हैं।
Source : Bhaskar