पानीपत
पंजाब-हरियाणा के किसानों का दिल्ली कूच; परेड के लिए खरीदे नए ट्रैक्टर, बोले- परेड के बाद वहीं रुक जाएंगे

पंजाब-हरियाणा के किसानों का दिल्ली कूच; परेड के लिए खरीदे नए ट्रैक्टर, बोले- परेड के बाद वहीं रुक जाएंगे
पंजाब-हरियाणा के किसानों के ट्रैक्टर सहित दिल्ली कूच ने सड़कों का नजारा ही बदल दिया है। एक के पीछे एक ट्रैक्टर चले जा रहे हैं और देशभक्ति गाने गूंज रहे हैं। 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर परेड को लेकर किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। वे इसके जरिए अपनी देशभक्ति का पैगाम सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं कि हमारे लिए वतन सबसे पहले है। पानीपत-दिल्ली हाईवे के साथ ही सनौली से शामली होते हुए दिल्ली बॉर्डर की ओर किसान बढ़ रहे हैं। जिनके पास ट्रैक्टर नहीं है, बावजूद वे ट्रैक्टर रैली में शामिल किसानों का हौसला बढ़ाने के लिए कार या बाइक से चल पड़े हैं।
साथ ही यह भी बता रहे हैं कि अब हम वापस तो जीतकर ही लौटेंगे, ऐसे तो वापस नहीं आने वाले…। पानीपत से दिल्ली जा रहे ट्रैक्टर पर सवार किसानों ने कहा- इस परेड के लिए तो नए ट्रैक्टर तक खरीद लाए हैं। अब तो सरकार से हठधर्मिता छुड़वाकर ही वापस आएंगे।
कहीं नाश्ता तो कहीं रास्ते में ही लंगर
पानीपत-दिल्ली हाईवे पर रविवार के बाद सोमवार को भी ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर नजर आ रहे हैं। 26 जनवरी को दिल्ली में परेड में शामिल होने के लिए पंजाब से ट्रैक्टरों का काफिला दिल्ली पहुंच रहा है। आज पूरा दिन हाईवे जाम रहना तय है। आम लोगों को 27 जनवरी तक दिल्ली न जाने का सुझाव है।
बीते दो माह से किसान तीन कृषि कानूनों के विरोध को लेकर सड़कों पर हैं। दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर देशभर से लाखों किसान धरना दिए हुए हैं। किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड का ऐलान किया हुआ है। जिस कारण बीते तीन दिनों ने पंजाब से दिल्ली बॉर्डर की ओर जाने वाले ट्रैक्टर की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हुई है।

रविवार को दिनभर रही जाम की स्थिति
पानीपत-दिल्ली हाईवे पर ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ने से रविवार को दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। परेड में शामिल होने के लिए किसानों को आज शाम तक बॉर्डर पर पहुंचना है। इसलिए सोमवार को किसान बड़ी संख्या में जुटने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।

पानीपत-दिल्ली हाईवे के अलावा जिले के किसान सनौली से शामली होते हुए दिल्ली बॉर्डर पहुंच रहे हैं। ट्रैक्टरों के साथ किसान कार व बाइकों से भी दिल्ली की तरफ बढ़ रहे हैं। आज दिनभर हाईवे पर किसानों के ही वाहन नजर आएंगे।
Source : Bhaskar