चंडीगढ़: हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने विभाग में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए हिसार की तत्कालीन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) निर्मल दहिया का दो साल का इंक्रीमेंट रोक दिया है। यह कार्रवाई विभाग के आदेशों के बावजूद काम पूरा न करने और सरकारी योजनाओं की अनदेखी के आरोप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, तत्कालीन हिसार डीईईओ निर्मल दहिया पर आरोप है कि वह वर्ष 2023-24 में हिसार जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले अनुसूचित वर्ग के कक्षा 6 के विद्यार्थियों के लिए साइकिल मेला आयोजित करने में असमर्थ रहीं। इस योजना के लिए दो लाख रुपये का बजट भी जारी किया गया था, लेकिन मेला नहीं लगाया जा सका।
यह मामला पिछले तीन साल से शिक्षा निदेशालय के प्रधान सचिव विजय दहिया की टेबल पर विचाराधीन था। हिसार के जिला मौलिक शिक्षा कार्यालय में कार्यरत संजीव कुमार और हांसी स्थित गांव सिसाय बोलान निवासी खेमचंद शर्मा ने इस संबंध में लिखित शिकायत दी थी। प्रधान सचिव ने मामले की सुनवाई करते हुए निर्मल दहिया से बड़ी चूक होना माना।
निर्मल दहिया वर्तमान में भिवानी में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के पद पर कार्यरत हैं। विभाग की इस कार्रवाई से उन्हें झटका लगा है। हालांकि, निर्मल दहिया का कहना है कि वह इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगी।




