आपणे पानीपत के पालिका बाजार में दुकानदारों और मार्केट एसोसिएशन की लम्बी जद्दोजहद और विरोध के बाद नगर निगम प्रशासन ने आखिरकार बड़ा फैसला लिया है। बाजार की पूर्वी दिशा में बनी पार्किंग में अब आमजन, दुकानदारों और ग्राहकों से किसी भी तरह का पार्किंग शुल्क या चार्ज नहीं वसूला जाएगा। दफ्तरां के चक्कर काटने और लगातार उठ रही आपत्तियों को गंभीरता से लेते हुए निगम ने यह कदम उठाया है, ताकि व्यापारियों और बाजार में आने वाले लोगों को राहत मिल सके।
ठेकेदार को जारी होगा कड़ा नोटिस
नगर निगम प्रशासन ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित पार्किंग ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। ठेकेदार को स्पष्ट हिदायत दी जाएगी कि वह इस निर्धारित स्थान पर पार्किंग के नाम पर एक भी रुपया न वसूले। संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी ने साफ कर दिया है कि यदि इसके बाद भी अवैध वसूली की कोई शिकायत मिलती है, तो विभाग द्वारा नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन का साफ कहना है कि उनका मकसद बाजार की व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु चलाना और जनता को असुविधा से बचाना है।
व्यापारियों ने जताया आभार, बाजार में बढ़ेगी रौनक
निगम के इस फैसले से व्यापारी वर्ग में खुशी की लहर दौड़ गई है। संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान गौरव लिखा ने इस कदम की जमकर सराहना की है। उनका कहना है कि पार्किंग शुल्क हटने से आम जनता और दुकानदारों दोनों का फायदा होगा और बाजार में ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ेगी। व्यापार मंडल ने भरोसा दिलाया है कि वे बाजार की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।




