मतलौडा: संवाद न्यूज एजेंसी मतलौडा। भावांतर भरपाई योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर निर्धारित समय के भीतर अपनी रबी फसलों का पंजीकरण कराना होगा।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाना और बाजार में भावों के उतार-चढ़ाव से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाना है। फिलहाल आलू, फूलगोभी, गाजर, मटर व किन्नू सहित अन्य निर्धारित रबी फसलों का पंजीकरण जारी है।
मामले का पूरा विवरण
उपायुक्त ने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण के साथ फसल और उसके क्षेत्र का भौतिक सत्यापन कराना भी अनिवार्य है। इसके लिए किसानों को पंजीकरण के बाद निर्धारित प्रोफार्मा भरकर बागवानी विभाग के ब्लॉक या जिला कार्यालय में जमा करवाना होगा।
आवेदन प्रारूप hortharyana.gov.in वेबसाइट व विभागीय कार्यालयों से मिल सकता है। उन्होंने किसानों से अंतिम समय का इंतजार किए बिना पंजीकरण व सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
किसान जिला उद्यान अधिकारी या टोल फ्री नंबर 1800-180-2021 पर संपर्क कर सकते हैं।




