पानीपत के थाना चांदनीबाग क्षेत्र में एक बार फिर दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पुलिस ने पत्नी को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोपों के चलते पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों को दी गई शिकायत और उसके बाद हुई गहन पुलिस जांच के आधार पर अमल में लाई गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और एसपी ऑफिस में दी थी अर्जी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। शादी के बाद से ही उन्हें विभिन्न मौकों पर ताने दिए गए और बात-बात पर उनके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि उनका स्त्रीधन, सामान व नकदी ससुराल पक्ष ने अपने कब्जे में रख ली। इसके बाद बुलेट मोटरसाइकिल या नगदी की लगातार मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उन्हें घर से बाहर निकालने और जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे तंग आकर उन्होंने न्याय के लिए कदम उठाया।
थाना स्तर पर जांच के बाद पुलिस की कार्रवाई
पीडि़ता ने अपनी फरियाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना स्तर पर मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की गई। शुरुआती जांच के दौरान अन्य नामजद परिजनों के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रमाणित नहीं पाए गए, जिसके चलते पुलिस ने केवल पति के विरुद्ध मिले साक्ष्यों व आरोपों के आधार पर कानूनी शिकंजा कसा है।
मामले को लेकर थाना चांदनीबाग प्रभारी रेखा ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत और तथ्यों की जांच के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।




