आपणे पानीपत के उझा गांव में इन दिनों बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर आमजन की आवाज तेज हो गई है। पानीपत लाइव के 'मेरा गांव मेरी शान' अभियान के तहत शनिवार को गांव की ओढ़ धर्मशाला में एक अहम चौपाल का आयोजन किया गया। इस खुली चर्चा में करीब 30 ग्रामीण शामिल हुए और चौपाल के दौरान गांव के इतिहास, विकास कार्यों के साथ-साथ जमीनी स्तर की समस्याओं पर खुलकर मंथन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच रीना रावल के प्रतिनिधि एवं पति एडवोकेट नरेश रावल ने की, जबकि पीएचसी उझा के प्रभारी डॉ. दीपक सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। वहीं, जिला परिषद प्रतिनिधि विपिन पांचाल ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
चौपाल में उठी सड़क, पानी निकासी और अस्पताल की मांग
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने धरातल पर पेश आ रही दिक्कतों को बेबाकी से रखा। स्थानीय निवासी जोगिंद्र त्यागी ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क पर पानी निकासी की बड़ी समस्या है और जन्म प्रमाणपत्र बनवाने में भी लोगों को जानकारी के अभाव में दफ्तरां के चक्कर काटने पड़ते हैं। वहीं, रत्नलाल ने पशु अस्पताल न होने का मुद्दा उठाया, जिससे पशुपालकों को दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है। राममेहर सिंह ने बताया कि महात्मा गांधी बस्ती में करीब 17 साल पहले प्लॉट तो मिल गए थे, लेकिन वहां पहुंचने के लिए पानीपत लाइव पक्का रास्ता नहीं बना है। इसके अलावा जनेसर ने कहा कि गांव में लाइब्रेरी तो है, लेकिन किताबों और जरूरी सुविधाओं का अभाव होने के कारण युवाओं को पढ़ाई के लिए बाहर जाना पड़ता है। संजय ने भी मुख्य गलियों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें न होने की बात उठाई।
प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा
कार्यक्रम में पहुंचे पीएचसी प्रभारी डॉ. दीपक सैनी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आने वाले 17 गांवों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं मुस्तैद हैं और अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने पशु या कुत्ते के काटने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने और बिना डॉक्टर की पर्ची के मेडिकल स्टोर से दवाइयां न लेने की हिदायत दी। सरपंच प्रतिनिधि एडवोकेट नरेश रावल ने बताया कि उझा का राजकीय स्कूल जिले के बड़े स्कूलों में शामिल है जहां 2400 बच्चे दो शिफ्टों में पढ़ते हैं। उन्होंने खेल स्टेडियम की चहारदीवारी और रास्ते को पक्का करने के साथ-साथ पशु अस्पताल के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही। जिला परिषद प्रतिनिधि विपिन पांचाल ने कहा कि सरकार गांवों में एक समान विकास करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और चौपाल में उठी इन तमाम समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।




