हरियाणा रोडवेज में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRNL) के तहत कार्यरत परिचालकों को डिपो बदलने के बाद वेतन निर्धारण और भुगतान में आ रही परेशानियों पर परिवहन विभाग ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। इस संबंध में हरियाणा परिवहन महानिदेशक ने प्रदेश के सभी महाप्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
20 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, HKRNL के माध्यम से हरियाणा राज्य परिवहन के विभिन्न डिपो में कार्यरत परिचालकों का एक डिपो से दूसरे डिपो में स्थानांतरण होने के बावजूद HKRNL पोर्टल पर उनकी जॉब लोकेशन शुरुआती नियुक्ति वाले डिपो की ही प्रदर्शित हो रही थी। इस तकनीकी खामी के कारण उनके वेतन का सही निर्धारण और समय पर भुगतान करने में बाधा आ रही थी।
इस मामले में हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड, पंचकूला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने 16 नवंबर 2026 को एक पत्र जारी कर स्थिति को स्पष्ट किया था। इसमें परिचालक संजीव कुमार (HKRNL ID 169367) के उदाहरण का हवाला देते हुए बताया गया था कि संबंधित कर्मचारी को वेतन का भुगतान उसकी 'Initial Place of Posting' (प्रारंभिक नियुक्ति स्थल) के आधार पर ही किया जाएगा।
परिवहन महानिदेशक की ओर से जारी इन निर्देशों में सभी महाप्रबंधकों को स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे ऐसे परिचालकों, जिनका एक डिपो से दूसरे डिपो में स्थानांतरण हुआ है, उनके वेतन भुगतान के संबंध में HKRNL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के 16 नवंबर 2026 के पत्र के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। इन निर्देशों से प्रदेश के उन HKRNL परिचालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें डिपो बदलने के बाद पोर्टल पर पुरानी जॉब लोकेशन प्रदर्शित होने के कारण वेतन भुगतान में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।




