आपणे पानीपत शहर में आस्था और रूहानी सुकून का बड़ा ही प्यारा नजारा देखने को मिल रहा है। सेक्टर 13-17 स्थित दशहरा मैदान में बाबा बंदा सिंह बहादुर सिख संप्रदाय एवं युवा सेवा दल भारत की ओर से तीन दिवसीय 80वां वार्षिक धार्मिक दीवान शुक्रवार को पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ शुरू हो गया। सबसे खास बात यह है कि पानीपत में यह बड़ा समागम पूरे 16 साल बाद आयोजित हो रहा है, जिसे लेकर संगतों में गजब का उत्साह और उमंग साफ झलक रही है।
श्री अखंड पाठ और निशान साहिब से हुई शुरुआत
इस धार्मिक समागम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ श्री अखंड पाठ साहिब के पाठ और पावन निशान साहिब की स्थापना के साथ किया गया। पहले दिन ही दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मैदान में पहुंचकर माथा टेका और गुरुवाणी का आनंद लिया। दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों और कीर्तन दरबार से पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
पहले दिन पहुंचे देश-प्रदेश के प्रमुख संत
धार्मिक दीवान के पहले दिन क्षेत्र और प्रदेश के नौ प्रमुख संतों व महापुरुषों ने अपनी पावन उपस्थिति दर्ज कराई और संगत को आर्शीवाद दिया। इस दौरान गुरुद्वारा इसराना साहिब के प्रमुख संत बाबा राजिंदर सिंह खालसा, डेरा बाबा जोध सचियार आसन कलां के सतनाम सिंह जोधकाग, गुरुद्वारा शाह साहिब से संत गुरविंदर सिंह शाह और टिकाणा लऊवाला कलानौर से महंत बाबा हरपाल दास विशेष रूप से शामिल रहे।
इनके अलावा स्वामी दयानंद सरस्वती मुरथल, गुरुद्वारा भाई ईश्वर सिंह से गुरप्रीत सिंह, महामंडलेश्वर कपिल पुरी, महामंडलेश्वर कर्णपुरी, महामंडलेश्वर विश्वेश्वरानंद गिरी महाराज और सर्व पंथी कैथल से महंत भाई हरीश शास्त्री ने भी अपनी हाजिरी लगाई। संतों ने अपने प्रवचनों में संगत को आपसी भाईचारे, सेवा भाव और धर्म के सच्चे रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी।
चढ़दी कलां प्रदर्शनी बनी मुख्य आकर्षण
बाबा बंदा सिंह बहादुर के दसवें वंशज जतिंदर पाल सिंह सोढ़ी ने जानकारी दी कि इस धार्मिक दीवान के पावन अवसर पर हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से विशेष 'चढ़दी कलां प्रदर्शनी' भी सजाई गई है। इस प्रदर्शनी में बाबा बंदा सिंह बहादुर के अदम्य साहस, उनकी शौर्य गाथा और गौरवशाली इतिहास को दुर्लभ चित्रों व दस्तावेजों के माध्यम से बहुत ही सुंदर ढंग से दर्शाया गया है। प्रदर्शनी को देखने के लिए युवाओं और श्रद्धालुओं में भारी उत्सुकता देखने को मिली। आयोजकों ने बताया कि आगामी दो दिनों तक कीर्तन दरबार, कथा विचार और गुरु का अटूट लंगर अनवरत जारी रहेगा।




