पानीपत (पानीपत लाइव): शहर के भारत नगर क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
20 नवंबर की शाम से लापता है नाबालिग
पुलिस को सौंपी गई शिकायत में परिजनों ने बताया कि 20 नवंबर की शाम करीब 5 बजे भारत नगर का ही रहने वाला गोविंद नामक युवक उनकी छोटी बहन को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। लड़की के अचानक गायब होने पर परिजनों ने आसपास के क्षेत्र और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन बालिका का कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोई सुराग न मिलने के बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी स्थिति से अवगत कराया। थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें नाबालिग बालिका और आरोपी युवक की तलाश में जुटी हैं।




