खेल व युवा: देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य से रेलवे की नौकरी से ली छुट्टी, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जीत चुकी हैं 46 पदकसंवाद न्यूज एजेंसीपानीपत। उग्राखेड़ी गांव की बेटी और हैंडबॉल खिलाड़ी अन्नु मलिक एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं।
वह तीसरी बार एशियन खेलों में भारतीय टीम का हिस्सा बनेंगी। कजाकिस्तान में होने वाली प्रतियोगिता में देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य से उन्होंने रेलवे की नौकरी से छुट्टी ली है।
मामले का पूरा विवरण
अन्नु के चयन से उग्राखेड़ी गांव सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। वह इससे पहले भी दो बार एशियन खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
वह जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हैंडबॉल के 46 पदक जीत चुकी हैं। उनके पिता जगबीर मलिक खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि मां सुमित्रा गृहिणी हैं।
माता-पिता के प्रोत्साहन और परिवार के सहयोग से अन्नु ने खेल के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। अन्नु ने बताया कि उन्होंने अपने भाइयों को खेलते देखकर प्रेरणा ली और नियमित अभ्यास शुरू किया।
अतिरिक्त विवरण व पृष्ठभूमि
शुरुआत में गांव के मैदान में अभ्यास किया। इसके बाद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करते हुए भारतीय टीम तक पहुंचीं।
वर्ष 2025 में खेल कोटे से रेलवे में नौकरी मिली। वर्तमान में वह गुजरात में रेलवे कर्मचारी के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
व्यस्त ड्यूटी के बावजूद उन्होंने खेल का अभ्यास जारी रखा। अन्नु ने कहा कि कजाकिस्तान में होने वाले मुकाबलों में उनका पूरा ध्यान देश के लिए पदक जीतने पर रहेगा।
वह बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत करेंगी। उन्होंने अपने चयन और खेल सफर में किशन आर्य, बिंटू मलिक, सरपंच सुधीर, उग्राखेड़ी के हैंडबॉल कोच नवनीत मलिक, समाजसेवी एवं कारोबारी दीपक मलिक और समाजसेवी मनोज बाबा के सहयोग के लिए आभार जताया।




