पानीपत शहर: -उपायुक्त ने बाल श्रम के खिलाफ विभागों को आपसी तालमेल से अभियान चलाने के दिए निर्देशमाई सिटी रिपोर्टर पानीपत। जिले में बाल मजदूरी करवाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल से विशेष अभियान चलाकर दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कारखानों और अन्य कार्यस्थलों पर नियमित निरीक्षण करेंगे। कम उम्र के बच्चों से मजदूरी करवाना कानूनन अपराध है और बच्चों के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले का पूरा विवरण
जिला सचिवालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल मजदूरी को समाप्त करने के लिए केवल प्रशासनिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अवसर उपलब्ध करवाना और उसे शोषण से बचाना प्रशासन व समाज का सामूहिक दायित्व है। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षा के महत्व तथा बाल श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य केवल बाल श्रम रोकना ही नहीं, बल्कि हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ बेहतर भविष्य देना है।




