ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर की धनी पानीपत की पावन धरा का सिख इतिहास में एक अत्यंत विशिष्ट और पवित्र स्थान है। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम पातशाह गुरु नानक देव जी ने अपनी आध्यात्मिक यात्राओं यानी उदासियों के दौरान पानीपत का दौरा किया था। मान्यता है कि दिल्ली से कुरुक्षेत्र की ओर प्रस्थान करते समय गुरु साहिब अपने सहयोगियों के साथ यहाँ ठहरे थे और नगर में सामाजिक व आध्यात्मिक चेतना का संचार किया था।
प्रथम उदासी और पानीपत का ऐतिहासिक प्रसंग
ऐतिहासिक संदर्भां के अनुसार, अपनी पहली उदासी के दौरान गुरु नानक देव जी अपने अनन्य सहयोगियों भाई बाला जी और भाई मर्दाना जी के साथ पानीपत पहुंचे थे। उस समय जीटी रोड स्थित एक कुएं के पास उन्होंने अपना विश्राम स्थल बनाया। इस दौरान पानीपत के प्रसिद्ध सूफी संत शेख ताहिर (जिन्हें शाह शरफ के नाम से भी जाना जाता है) और पीर जलालुद्दीन ने गुरु साहिब से भेंट की।
गुरु नानक देव जी ने सूफी संतों के साथ उच्च स्तरीय आध्यात्मिक संवाद करते हुए बाह्य आडंबरों को दरकिनार कर निष्काम प्रेम, भाईचारे और परम सत्य का मार्ग दिखाया था।
आस्था का केंद्र: गुरुद्वारा पहली पातशाही
गुरु साहिब और सूफी संतों के बीच हुआ यह ऐतिहासिक संवाद केवल दो धर्मों के ज्ञानियों का मिलन नहीं था, बल्कि यह सर्वधर्म समभाव और आपसी सौहार्द की एक अमर मिसाल बन गया। कालंतर में स्थानीय संगत ने गुरु साहिब की इस पावन चरण-छोह और स्मृति को संजोने के लिए उसी ऐतिहासिक स्थल पर भव्य 'गुरुद्वारा पहली पातशाही' का निर्माण करवाया। आज यह स्थान न केवल पानीपत बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अगाध श्रद्धा और आत्मिक शांति का केंद्र बना हुआ है।




