खेल व युवा: Hisar Development : हरियाणा सरकार जाम से जूझ रहे शहरों की स्थिति को सुधारने के लिए काम कर रही है। प्रदेश के सबसे पुराने शहरों में शामिल हिसार की सड़कों का मेकओवर करने का मेगा प्लान तैयार कर लिया है।
इसके तहत 6 लेन रोड, मल्टी लेवल पार्किंग और नए चौकों का निर्माण किया जाएगा, ताकि शहर में वाहनों का जाम नहीं लगे। प्लान के तहत अब अंदरूनी सड़कों से लेकर प्रमुख चौक और राष्ट्रीय राजमार्गों तक यातायात व्यवस्था बदलने की तैयारी है।
मामले का पूरा विवरण
शहर के अंदरूनी मार्ग को सिक्स लेन करने की योजना लगभग तैयार है। मुख्यालय की टीम सर्वे कर चुकी है और बजट का प्रावधान भी किया जा चुका है।
पेड़ों की कटाई पर हाईकोर्ट की रोक हटते ही इसका निर्माण शुरू करवा दिया जाएगा। इसके लिए टेंडर भी तैयार है।
वहीं, शहर के सबसे पुराने रेलवे ओवरब्रिज को हटाकर सिक्स लेन बनाने, बस अड्डे के पास मल्टी स्टोरी पार्किंग तैयार करने, सिरसा चुंगी और दिल्ली रोड पर फ्लाईओवर बनाने सहित कई परियोजनाओं को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त विवरण व पृष्ठभूमि
हिसार को जाम मुक्त बनाने के लिए सरकार की ओर से गठित विशेष कमेटी की छठी बैठक बुधवार को कैबिनेट मंत्री एवं कमेटी अध्यक्ष रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़े छोटे-बड़े प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई।
विधायक रणधीर पनिहार, विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता और मेयर प्रवीण पोपली ने भी शहर के अलग अलग क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव रखे। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कमेटी में स्वीकृत सभी परियोजनाओं को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखकर काम किया जाए।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने भी सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं में गैर जरूरी औपचारिकताओं के कारण देरी न की जाए। शहर में कई जगह पर बनेंगे स्लिप रोड और सर्विस रोड हिसार के मेकओवर प्लान के तहत कई स्थानों पर स्लिप रोड और सर्विस रोड बनाने की योजना पर काम चल रहा है।
कैंप की तरफ से आने वाले वाहनों को राहत देने के लिए कैंप चौक से रेस्ट हाउस के साथ स्लिप रोड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। लघु सचिवालय के सामने प्रमुख चौक पर स्लिप रोड का काम शुरू हो चुका है।
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के पास स्लिप रोड का टेंडर हो चुका है। तुलसी चौक पर सिविल अस्पताल के साथ स्लिप रोड बनाई जा चुकी है, जबकि क्लाथ मार्केट के साथ भी इसका निर्माण जल्द शुरू होगा।
यहां ट्रांसफार्मर हटाने के लिए टेंडर किया जा चुका है। डाबड़ा चौक पुल के साथ सड़क बनाने का काम जारी है।
डाबड़ा माइनर पर भी सड़क निर्माण जल्द शुरू होगा, हालांकि एक हिस्से को लेकर एसडीएम कोर्ट में मामला लंबित है। सुशीला भवन के पास राजकीय स्कूल के नजदीक स्लिप रोड का काम पूरा हो चुका है।
सेक्टर-14 के गेट नंबर-1-2 पर भी इसका निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा। इन जगहों पर फ्लाईओवर व अंडरपास पर जोर हिसार शहर के बाहरी और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ने वाले मार्गों पर भी यातायात का दबाव कम करने की योजना है।
मंत्री ने एनएचएआइ अधिकारियों को सिरसा चुंगी और दिल्ली रोड पर कैट से पहले फ्लाईओवर बनाने की दिशा में तेजी से काम करने के निर्देश दिए। कैमरी रोड पर डीएवी स्कूल के पास बालसमंद ब्रांच के ऊपर ओवरब्रिज बनाने का टेंडर जारी हो चुका है।
हिसार में इन दो जगह पर बनेंगे चौक तोशाम रोड पर आईटीआई के पास और अर्बन एस्टेट में सैनी स्वीट्स के सामने बड़ा चौक बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है। अर्बन एस्टेट मार्केट के पास सड़क पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए सामुदायिक केंद्र के पास वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।
अनिल चौधरी (MBA, मीडिया मैनेजमेंट) को विभिन्न मीडिया संस्थानों में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अनिल चौधरी की बिजनेस, मनोरंजन, सरकारी योजनाएं , खेल और रेलवे से संबंधित खबरों पर मजबूत पकड़ है।
वर्तमान में अनिल चौधरी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। जयपुर टाइम्स एक प्रमुख समाचार वेबसाइट और अख़बार है, जो जयपुर और राजस्थान से जुड़ी ताज़ा खबरें, राजनीति, व्यवसाय, खेल, मनोरंजन और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी प्रदान करता है।
यह पाठकों को विश्वसनीय और तथ्यात्मक समाचारों के साथ जागरूक रखने का कार्य करता है। जयपुर टाइम्स डिजिटल माध्यम से भी व्यापक रूप से पाठकों से जुड़ा हुआ है।




