पानीपत। अखिल भारतीय कोली समाज द्वारा रविवार को पानीपत की राकेश कॉलोनी में 1857 की अमर वीरांगना और रानी लक्ष्मीबाई की परम सखी माता झलकारी बाई की जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने माता झलकारी बाई के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति उनके बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर सुरेश वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने माता झलकारी बाई के शौर्य और त्याग को नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। वर्मा ने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें और एक स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
इस मौके पर अखिल भारतीय कोली समाज के जिला अध्यक्ष देवेंद्र कोरी और अन्य सदस्यों ने मुख्य अतिथि सुरेश वर्मा का फूलमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में कोली समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ शिक्षा मंत्री के भाई हरपाल ढांडा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी उपस्थित लोगों ने माता झलकारी बाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।




