पानीपत लाइव ब्यूरो, इसराना। इसराना खंड के बुआना लाखू गांव में लगे रिलायंस जियो के एक मोबाइल टावर से अज्ञात चोरों ने दो महंगी बैटरियां चोरी कर लीं। यह घटना 5 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे हुई, जब चोर टावर की ओडीसी (आउटडोर डिस्ट्रीब्यूशन कैबिनेट) से एक्सिकॉम कंपनी की 100 एएच क्षमता वाली दो बैटरियां चुरा ले गए।
रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड की वेंडर कंपनी एसजी एनकॉन प्राइवेट लिमिटेड में क्यूआरटी हरियाणा के पद पर कार्यरत सुशील सिंह ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। देशराज कॉलोनी निवासी सुशील सिंह ने बताया कि बुआना लाखू गांव में स्थित जियो टावर (साइट आइडी आईएसआरएन-6001) से बैटरियां चोरी हुई हैं।
इसराना थाना प्रभारी हरिराम ने जानकारी देते हुए बताया कि सुशील सिंह की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस तरह की वारदातों से दूरसंचार सेवाओं पर असर पड़ने के साथ-साथ कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।




