पानीपत के सींक गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी से लौट रही फूलों से सजी स्कॉर्पियो ट्राले से टकराकर खेतों में पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में दुल्हन की टांग टूट गई, वहीं दूल्हे का चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दूल्हा और दो अन्य लोग भी मामूली रूप से चोटिल हुए हैं।
शादी की रस्में पूरी कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, कुराना गांव निवासी आशीष उर्फ सन्नी की शादी जींद जिले के मोरखी गांव में हुई थी। शनिवार रात शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई हुई। परिवार फूलों से सजी स्कॉर्पियो में दुल्हन को लेकर अपने गांव कुराना लौट रहा था। गाड़ी दूल्हे का चचेरा भाई दीपक चला रहा था। स्कॉर्पियो में दूल्हा-दुल्हन समेत कुल पांच लोग सवार थे।
सींक गांव के पास ट्राले से टकराकर पलटी गाड़ी
शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे जब स्कॉर्पियो सींक गांव के पास पहुंची, तो वह सामने जा रहे एक ट्राले से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक दीपक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और स्कॉर्पियो सड़क से नीचे कई पलटी खाते हुए खेतों में जा गिरी। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, उसके शीशे चकनाचूर हो गए और टायर तक अलग हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से सभी घायलों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना में दुल्हन की टांग टूट गई, जबकि दूल्हे आशीष और दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं।
दूल्हे का भाई दिल्ली रेफर, हालत गंभीर
हादसे में दूल्हे के चचेरे भाई दीपक को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं। दीपक के पिता हवा सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया। फिलहाल दीपक को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।




