पानीपत। हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमा पर बहने वाली यमुना नदी का जलस्तर पिछले एक सप्ताह में तेजी से घट गया है। सनौली घाट पुल के समीप यमुना में अब नाममात्र का पानी ही बह रहा है, जिससे आसपास के करीब दो दर्जन गांवों के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। नदी में पानी की कमी से वन्यजीवों, धार्मिक श्रद्धालुओं और किसानों पर सीधा असर पड़ रहा है।
यमुना पुल स्थित मंदिर के पुजारी सुभाष गिरी जी महाराज ने आशंका जताई है कि यदि इसी रफ्तार से पानी कम होता रहा तो एक सप्ताह के भीतर नदी में बचा-खुचा पानी भी थम सकता है। उन्होंने बताया कि हिरण और नीलगाय समेत हजारों वन्यजीव नदी के पानी पर आश्रित हैं। इसके साथ ही, पानीपत जिले से अमावस्या, पूर्णिमा और प्रत्येक रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु सनौली घाट पर स्नान के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पानी कम होने से उनकी धार्मिक आस्था भी प्रभावित हो रही है।
सरपंचों और समिति ने उठाई मांग
यमुना के घटते जलस्तर को लेकर यमुना सुधार समिति के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट रतन सिंह रावल और आसपास के गांवों के प्रतिनिधियों ने सरकार से हथिनी कुंड बैराज से अधिक पानी छोड़ने की मांग की है। इस दौरान राणा माजरा के सरपंच प्रतिनिधि खुर्शीद अहमद, सनौली खुर्द के सरपंच संजय त्यागी, अधमी के सरपंच दलबीर रंगा, रिशपुर के सरपंच राजदीप सिंह और रामड़ा-आर के सरपंच प्रदीप कुमार ने जोर देकर कहा कि नदी में पानी का प्रवाह बना रहना बेहद जरूरी है।
किसानों व पशुपालकों पर बढ़ेगा बोझ
सरपंचों और समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यमुना किनारे के करीब दो दर्जन गांवों के लोग अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए नदी पर निर्भर हैं। नदी सूखने से पशुपालकों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। वहीं, यमुना तटबंध के भीतर हजारों एकड़ भूमि पर किसान सब्जियां और अन्य फसलें उगाते हैं। नदी में पानी रहने से खेतों में नमी बनी रहती है, जिससे सिंचाई की जरूरत कम पड़ती है। यदि यमुना सूखती है, तो किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए अधिक पानी देना होगा और इसके लिए अलग से इंजन वाले ट्यूबवेल लगाने पड़ेंगे, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलस्तर बढ़ाने की मांग की है।
यमुना में पानी हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा जाता है। अभी यमुना में कम पानी चल रहा है। अब ज्यादा जरूरत आई तो अधिकारियों से बात कर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
सुरेश कुमार, एक्सईएन, सिंचाई विभाग




