पानीपत लाइव ब्यूरो, पानीपत।
पानीपत के ब्रह्माकुमारीज ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में आयोजित चार दिवसीय एनएलएस स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए 51 प्रतिभागियों ने बिना किसी दवा के प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर बीमारियों पर नियंत्रण पाने का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
नेचुरल लाइफ स्टाइल अस्पताल (एनएलएस) दिल्ली के तत्वावधान में चले इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को शुगर, ब्लड प्रेशर, घुटनों के दर्द और कब्ज जैसी सामान्य मगर गंभीर समस्याओं से प्राकृतिक आहार, दिनचर्या और विभिन्न थेरेपी के माध्यम से मुक्ति दिलाना था। एनएलएस के संस्थापक आचार्य डॉ. मोहन गुप्ता और निदेशक डॉ. पूजा बंसल के कुशल मार्गदर्शन में 25 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने शिविरार्थियों की नियमित देखभाल की और सुबह-शाम उनके स्वास्थ्य की गहन जांच की।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सुबह सूर्य स्नान कराया गया, जिसके बाद उन्हें ताजे फल और सलाद परोसे गए। शाम के भोजन में बिना मसालों के विशेष विधि से तैयार की गई रोटी और सब्जियां दी गईं, जो पाचन तंत्र को सुधारने में अत्यंत सहायक बताई गईं। शिविर के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने स्वास्थ्य में आए सकारात्मक बदलावों और अनुभवों को साझा किया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर कई बीमारियों पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाया जा सकता है। इस पहल से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और वे प्रकृति के करीब आकर स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा ले रहे हैं।




