पानीपत शहर: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को निशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। इसके लिए आगामी दिसंबर या जनवरी माह में विशेष रेल गाड़ी के माध्यम से श्रद्धालुओं को वाराणसी ले जाने की योजना है।
यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने के लिए जल्द ही पोर्टल खोला जाएगा। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा आगामी दिनों में विशेष रेल गाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
मामले का पूरा विवरण
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु उठा सकेंगे। योजना के तहत पात्रता के लिए श्रद्धालु के परिवार की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इच्छुक पात्र श्रद्धालु पोर्टल खुलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।




