पानीपत। शहर के आर्य पीजी कॉलेज में अंकन साहित्यिक मंच द्वारा रविवार को मासिक काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में दिवंगत दीप चंद्र निर्मोही के अविस्मरणीय योगदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जवाहर लाल शर्मा ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता कमला आर्य ने की और संचालन डॉ. सोनिया सोनम अक्स ने किया।
काव्य गोष्ठी के दौरान कमला आर्य की आत्मकथा 'गांव से चेतना तक का रोमांचक सफर' पुस्तक का विमोचन भी किया गया। मुख्य अतिथि जवाहरलाल शर्मा ने साहित्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, “वेदना संवेदना मित्र के जीवन की, पोषक रस कहलाता है, साहित्य साधना सच्चे मित्र की, संदेश और मार्गदर्शन कहलाता है।”
दीप चंद्र निर्मोही का शिक्षा के प्रति समर्पण
मंच संरक्षक डॉ. ए. पी. जैन ने दीप चंद्र निर्मोही के जीवन और कार्यों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य स्व. दीप चंद्र निर्मोही ने अपने जीवनकाल में ढाई दर्जन से अधिक पुस्तकें लिखीं। उन्होंने 'चेतना ट्रस्ट' के माध्यम से देशभर में सवा सौ 'चेतना स्कूलों' की नींव रखी और अपनी पेंशन व सम्मान राशि गरीब बच्चों की पढ़ाई पर खर्च कर शिक्षा के प्रति अपने गहरे समर्पण का परिचय दिया। निर्मोही की पौत्री एंजेला ने परिवार की ओर से सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
साहित्यकारों ने दी काव्य श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कपिल जैन भी मौजूद रहे। इस अवसर पर विभिन्न साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से दीप चंद्र निर्मोही को याद किया और साहित्यिक माहौल को जीवंत बनाया।
अनिरुद्ध सिंह ने कहा, “जिन्होंने खुद जलकर भी शिक्षा के दीप जलाए हैं, जिन्होंने निर्धन बच्चों के सपनों को पंख लगाए हैं, अपनी पेंशन तक लुटा दी जिनके चेहरों की मुस्कान में, ऐसे निर्मोही कहां मिलते हैं इस स्वार्थ भरे जहान में।”
अनिल कुमार रोहिल्ला ने अपनी पंक्तियों में कहा, “दीप वह जलता रहा, तम को मिटाने को, ज्ञान के प्रकाश से मनुज को जगाने को।”
डॉ. सुलेख जैन ने निर्मोही को याद करते हुए कहा, “दीपचंद ऐसे दीप थे जो स्वयं जलकर दूसरों को उजाला देते, जाने के बाद भी गरीबों को चेतना स्कूल से शिक्षा का सहारा देते।”
गोष्ठी में डॉ. सोनिया सोनम अक्स, डॉ. एपी जैन और डॉ. सुरेंद्र टुटेजा ने भी अपनी काव्य रचनाएं प्रस्तुत कीं, जिन्होंने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके पर सत्यप्रिय, राखी निर्मोही व दिव्यांशु सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




