पानीपत के असंध रोड पर स्थित मिलन गार्डन के बाहर एक शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग ने एक राजमिस्त्री की जान खतरे में डाल दी है। आरोप है कि नशे में धुत एक बाराती ने रिवॉल्वर से गोली चला दी, जो वहां से गुजर रहे 40 वर्षीय साजिद की छाती में जा लगी। गोली छाती से पार होकर बाजू के नीचे फंस गई, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश के बसी शाहपुर निवासी साजिद, जो वर्तमान में पानीपत के जुरासी गांव में रहता है और राजमिस्त्री का काम करता है, शनिवार रात को जुरासी निवासी अमित के साथ उसके बुआ के बेटे की शादी में शामिल होने मिलन गार्डन पहुंचा था। बारात समालखा से आई थी और साजिद भी बाराती के रूप में समारोह में शामिल हुआ था।
साजिद ने अपने बयान में बताया कि शादी में कुछ बाराती नशे की हालत में हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। इनमें एक युवक के हाथ में रिवॉल्वर थी। गार्डन के बाहर भी फायरिंग हो रही थी। इसी दौरान वह अपनी गाड़ी में बैठा था और वहां से निकलने लगा, तभी करीब 10 फीट की दूरी से गोली चल गई। गोली सीधे उसकी छाती में लगी और बाजू के नीचे जाकर फंस गई।
साजिद ने संदेह जताया है कि फायरिंग करने वालों में से एक का हाथ नशे की हालत में नीचे हो गया और गोली उसकी तरफ चल गई। गोली चलाने वाले युवक की पहचान समालखा निवासी सतीश के रूप में बताई जा रही है। पानीपत पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और घटना के संबंध में गहनता से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साजिद के अनुसार, समारोह में अन्य लोग भी गोलियां चला रहे थे।




