पानीपत शहर: -देवउठनी एकादशी के बाद होने वाली शादियों पर प्रशासन की नजरमाई सिटी रिपोर्टर पानीपत। बाल विवाह को खत्म करने के लिए प्रशासन आगे आया है।
इसमें ग्राम पंचायत सरपंच व पार्षद का भी साथ लिया जाएगा। इसके साथ पुलिस का साथ लिया जाएगा।
मामले का पूरा विवरण
यह अभियान देवउठनी एकादशी से शुरू किया जाएगा और 21 दिसंबर तक चलेगा। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुप्रथा ही नहीं, बल्कि कानूनन अपराध भी है।
बाल विवाह निषेध अधिनियम-2006 के तहत बाल विवाह करवाने, इसमें सहयोग करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा उनके सामने अनेक सामाजिक व शारीरिक चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं।
इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उपायुक्त ने बताया कि जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त विवरण व पृष्ठभूमि
यह 21 दिसंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों के जरिए गांवों और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल विवाह की आशंका या सूचना मिलने पर बिना किसी देरी के मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सूचना दें।
इसके अलावा पुलिस हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 पर भी सूचना दी जा सकती है।




