बापौली व सनौली: पानीपत के सनौली रोड पर गांव कुराड़ के पास एक फैक्ट्री में नामी कंपनियों के ब्रांड की नकली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार कर बाजार में बेची जा रही थीं। सीए फ्लाइंग, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को होटल जयफुड के नजदीक स्थित एमएस इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में छापा मारा।
जांच के दौरान फैक्ट्री में अलग-अलग ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स तैयार होती मिलीं। मौके से 9391 भरी बोतलें और 41 रोल लेबल बरामद किए गए।
मामले का पूरा विवरण
सीए फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर राज सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सनौली रोड पर होटल जयफुड के पास महेंद्र मलिक की फैक्ट्री में पेप्सिको के माउंटेन ड्यू ब्रांड की नकल कर नकली कोल्ड ड्रिंक्स तैयार की जा रही है।
सूचना के बाद अधिकारियों को अवगत कराया गया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विक्रम को टीम सहित मौके पर बुलाया गया। इसके बाद थाना सनौली पुलिस को साथ लेकर संयुक्त टीम ने फैक्ट्री में दबिश दी।
अंदर तैयार होती मिली कोल्डड्रिंक फैक्ट्री में सुपरवाइजर राहुल बाल्यान निवासी खेड़ी सूडान, जिला मुजफ्फरनगर मिला। उसने टीम को बताया कि वह एमएस इंटरप्राइजेज फैक्ट्री की देखरेख करता है।
अतिरिक्त विवरण व पृष्ठभूमि
टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया तो अंदर मशीनें चल रही थीं और अलग-अलग ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स तैयार की जा रही थीं। सुपरवाइजर ने बताया कि फैक्ट्री में माउंटेन ड्यू, कोका कोला, स्प्राइट, लिम्का, फैंटा और थम्स अप सहित कई ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स बनाई जाती हैं।
मौके से ये बोतलें और लेबल बरामद हुए माउंटेन ड्यू की 400 एमएल की 1030 भरी बोतलें और 18 रोल लेबल। कोका कोला की एक लीटर की 1335 बोतलें।
कोका कोला की दो लीटर की 612 और 44 बोतलें। बिना लेबल वाली दो लीटर की कोका कोला की 308 बोतलें।
कोका कोला की एक लीटर की 5501 बोतलें और 9 रोल लेबल। एमडी कोल्ड ड्रिंक्स की सवा लीटर की 510 बोतलें।
स्प्राइट की दो लीटर की 24 बोतलें और 4 रोल लेबल। लिम्का की दो लीटर की 27 बोतलें और एक रोल लेबल।
कंपनियों प्रतिनिधियों ने भी जांच कर बताया नकली पेप्सिको कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि जयदीप सिंह कौचर ने माउंटेन ड्यू की तैयार बोतलों और लेबल का निरीक्षण किया। वहीं कोका कोला कंपनी की तरफ से हेमंत मल्होत्रा और लालन सेठी भी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कोका कोला, लिम्का और स्प्राइट सहित अपने ब्रांड की बोतलों और लेबल की जांच की। शिकायत के अनुसार, कंपनी प्रतिनिधियों ने फैक्ट्री में तैयार इन ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स को नकली पाया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने अलग-अलग ब्रांड की कोल्ड ड्रिंक्स के कुल 9 सैंपल लिए। प्रत्येक सैंपल में चार बोतलें शामिल की गईं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
फैक्ट्री प्रबंधन से लाइसेंस और संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। This website follows the DNPA Code of Ethics.।




