पानीपत शहर: -हर शनिवार होगा बोर्ड पैटर्न पर टेस्ट, कमजोर विद्यार्थियों के लिए लगेंगी अतिरिक्त कक्षाएंसंवाद न्यूज एजेंसीपानीपत। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं व 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों को उत्कृष्ट बनाने के उद्देश्य से जिला में मिशन सफलता 2026-27 को प्रभावी ढंग से लागू कर दिया है।
इसका लक्ष्य जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में 10वीं व 12वीं का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना है। इसके साथ शून्य परिणाम वाले स्कूलों को समाप्त करना और अधिक-से-अधिक विद्यालयों को सौ प्रतिशत परिणाम की श्रेणी में लाना है।
मामले का पूरा विवरण
जिला शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू ने बताया कि मिशन सफलता केवल परीक्षा परिणाम सुधारने का अभियान नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक क्षमता को पहचानकर उसे बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने का सुनियोजित प्रयास है।
उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने खंड के स्कूलों में कार्ययोजना गंभीरता से लागू करवाएं और नियमित निरीक्षण व प्रगति समीक्षा करें। विद्यालय मुखियाओं को विषयवार कार्ययोजना बनाने, श्रेणी तय करने, शिक्षकों की जिम्मेदारी तय करने तथा विद्यार्थीवार प्रगति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यार्थियों को चार श्रेणी में बांटाअभियान के तहत विद्यार्थियों को वर्तमान प्रदर्शन के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा जाएगा। इसमें 95 प्रतिशत से अधिक अंक वाले विद्यार्थियों को एचओटीएस व विश्लेषणात्मक प्रश्नों का अभ्यास, 80 प्रतिशत से अधिक वालों को उत्तर लेखन व समय प्रबंधन, 50 से 80 प्रतिशत वालों को मूलभूत ज्ञान व नियमित टेस्ट और 50 प्रतिशत से कम अंक वालों को विशेष उपचारात्मक (रेमेडियल) कक्षाएं दी जाएंगी।
अतिरिक्त विवरण व पृष्ठभूमि
जिला नोडल अधिकारी एवं जिला गणित विशेषज्ञ रणबीर सिंह ने बताया कि एनसीईआरटी व बोर्ड पाठ्यक्रम पर आधारित प्रश्न बैंक तैयार किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को सरल से कठिन स्तर तक अभ्यास कराया जाएगा तथा हर शनिवार बोर्ड पैटर्न पर नियमित टेस्ट लेकर गलतियों में सुधार किया जाएगा।
जिला शिक्षा विभाग ने आपसी समन्वय से शत-प्रतिशत परिणाम हासिल करने का संकल्प लिया है।




