समालखा: सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडिकल और नॉन-मेडिकल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अब विशेष शैक्षणिक मार्गदर्शन मिलेगा। जिला शिक्षा विभाग की ओर से सुपर-100 की तर्ज पर जिले में सुपर-40 कार्यक्रम शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
इसके तहत विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से विशेष कोचिंग, नियमित टेस्ट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। कार्यक्रम के लिए जिले के नौ सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है।
मामले का पूरा विवरण
ये जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी नीलम कुंडू ने दी। उन्होेने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के होनहार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है।
आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए फाउंडेशन कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इसके बाद कक्षा 11वीं और 12वीं दोनों के विद्यार्थियों को विशेष कक्षाओं का लाभ मिलेगा।
जिला गणित विशेषज्ञ रणबीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए 23 नवंबर को दोपहर 12 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बैठक बुलाई गई है। इसमें संबंधित नौ स्कूलों के प्राचार्यों के साथ भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और गणित विषय के पीजीटी शिक्षकों को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त विवरण व पृष्ठभूमि
बैठक में प्रत्येक स्कूल को सुपर-40 कार्यक्रम का प्रस्ताव तैयार करके लाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें विद्यार्थियों के चयन की प्रक्रिया, कक्षाओं की समय-सारणी, विषयवार शिक्षकों की जिम्मेदारी, अध्ययन सामग्री और नियमित टेस्ट की योजना शामिल होगी।
इन सभी बिंदुओं पर चर्चा के बाद कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी। विभाग का प्रयास है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी मेडिकल और नॉन-मेडिकल क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
संवादइन नौ स्कूलों में शुरू होगा कार्यक्रम- पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, समालखा। - राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, इसराना।
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, राजाखेड़ी। - राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मडलौंडा।
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, काबड़ी। - राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उग्राखेड़ी।
- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन, पानीपत। - राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जीटी रोड, पानीपत।
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तहसील कैंप, पानीपत।




