हरियाणा: राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल व आर्य बाल भारती स्कूल में शुक्रवार को वैदिक परिवार ने संस्कारशाला कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री के भाई हरपाल ढांडा और मुख्य वक्ता अंतरराष्ट्रीय वैदिक प्रवक्ता स्वामी सच्चिदानंद शामिल हुए।
स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि किसी व्यक्ति की महानता का मूल्यांकन उसकी बड़ी गाड़ी, बड़े बंगले, अधिक जमीन-जायदाद या कारखानों से नहीं किया जा सकता। व्यक्ति वास्तव में बड़ा तभी बनता है, जब उसके जीवन में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा हो।
मामले का पूरा विवरण
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बहुत पढ़ा-लिखा है, लेकिन उसके जीवन में संस्कार नहीं हैं तो उसकी शिक्षा समाज के लिए उपयोगी न होकर विनाशकारी भी बन सकती है। आज भ्रष्टाचार में शिक्षित लोगों की संलिप्तता, पढ़े लिखे लोगों के माता-पिता का वृद्धाश्रमों में रहना और आतंकवाद जैसी गतिविधियों में पढ़े-लिखे लोगों का शामिल होना इस बात की तरफ संकेत करता है कि केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है।
शिक्षा के साथ संस्कारों का होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन अपनाने की प्रेरणा दी और कहा कि अपनी दिनचर्या निर्धारित करें, सुबह जल्दी उठें और रात को जल्दी सोएं।
सुबह उठकर सबसे पहले ईश्वर को प्रणाम करें। अपनी बुद्धि और एकाग्रता के विकास के लिए प्रतिदिन कम से कम 51 बार गायत्री मंत्र का जाप करें।
अतिरिक्त विवरण व पृष्ठभूमि
माता-पिता और गुरुजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लें तथा अपने माता-पिता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि जीवन में महान बनने का संकल्प लें, ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करें और माता-पिता को अपना सबसे अच्छा मित्र बनाएं।
अपने मन की प्रत्येक बात उनसे साझा करें, ताकि परिवार में विश्वास, संवाद और संस्कारों का वातावरण बना रहे। स्कूल के प्रधान रणदीप कादयान ने वैदिक परिवार की संस्कार शाला कार्यक्रम की सराहना की और इसे समय की जरूरत बताया।
मंच संचालन मोनिका दूहन ने किया। इस अवसर पर डॉ. राजबीर आर्य, अशोक अरोड़ा, प्रिंसिपल नरेंद्र मान व आशीष दूहन उपस्थित रहे।




